राजधानी में कोरोना का असर कम होते ही रिकवरी तेजी से आगे निकल चुकी है। स्थिति यह है कि 100 में से 98 मरीज अब तक स्वस्थ्य हो चुके हैं। जबकि 0.30 फीसदी मरीज उपचाराधीन हैं। इनके अलावा दिल्ली में मृत्युदर 1.73 फीसदी है।
बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि पिछले एक दिन में 337 लोग कोरोना संक्रमित हुए हैं। 73241 सैंपल की जांच में 0.46 फीसदी संक्रमित मिले। इस दौरान 752 लोगों को स्वस्थ्य घोषित किया गया। जबकि 36 लोगों की संक्रमण के चलते मौत हुई है।
अभी तक 1430128 मरीज कोरोना संक्रमित हो चुके हैं जिनमें से 1400913 स्वस्थ्य हुए हैं। इनके अलावा कोरोना संक्रमण की वजह से 24704 मरीजों की मौत हो चुकी है। फिलहाल कोरोना के 4511 ही सक्रिय मामले बचे हैं जिनका घर और अस्पतालों में उपचार चल रहा है। इनमें से 1555 मरीजों को उनके घरों में आइसोलेशन में रखा हुआ है।
अगर अस्पतालों की स्थिति देखें तो विभिन्न अस्पतालों में 2399 मरीज भर्ती हैं। वहीं कोविड केयर सेंटर में 124 और कोविड मेडिकल सेंटर में 96 मरीज भर्ती हैं। अस्पतालों में 21789 बिस्तर खाली पड़े हैं। ठीक इसी तरह जांच को लेकर देखें तो करीब दो करोड़ की आबादी वाली दिल्ली में 1.99 करोड़ सैंपल की जांच हो चुकी है। हर दिन नए मामले कम होने से अब कंटेनमेंट जोन की संख्या भी कम होकर 9903 रह गई है।