दिल्ली में मंगलवार को 90 और सोमवार को 95 जगह हुए आग लगने के हादसे। एक से 29 जून तक दमकल को मिलीं 2038 कॉल। दमकल विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हर साल गर्मियों में आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं।
लगातार पड़ रही गर्मी के कारण राजधानी में आग लगने की घटनाओं में अचानक इजाफा हो गया है। दमकल विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, हर दिन आग लगने की औसतन 70 कॉल आती हैं। मंगलवार और सोमवार को तो इनकी संख्या 90 और 95 थी।
विज्ञापन
सोमवार को एम्स व सफदरजंग अस्पताल में आग लग गई। मंगलवार सुबह पहले कीर्ति नगर और शाम को तुगलकाबाद में आग लग गई। देर रात फर्श बाजार में लगी आग में चार लोगों को जान गंवानी पड़ी। बुधवार सुबह नरेला इंडस्ट्रियल एरिया में आग लग गई।
दमकल विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हर साल गर्मियों में आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। सर्दियों में आग लगने की कॉल रोज औसतन 30 से 35 के बीच रहती हैं। गर्मियों में यह आंकड़ा 70 से 80 के बीच पहुंच जाता है। जून माह के 29 दिन में अब तक कुल 2038 फायर कॉल हुईं। इनमें दो बार तो एम्स में ही आग लगी।
विज्ञापन
माहवार आंकड़े देखें तो जनवरी में 1851, फरवरी में 1700, मार्च में 2583, अप्रैल में 3240, मई में 2174 और 29 जून तक 2038 फायर कॉल आई थीं। इस महीने 21 जून को 55, 22 को 83, 23 को 82, 24 को 76, 25 को 74, 26 को 72, 27 को 67, 28 को 95 और 29 जून को 90 कॉल्स आईं।