संसद सुरक्षा में चूक से जुड़े मामले में दिल्ली पुलिस ने पटियाला हाउस कोर्ट में चौथी पूरक चार्जशीट दाखिल की है। मामले की सुनवाई अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश अमित बंसल की अदालत में हुई। अदालत ने पूरक चार्जशीट से जुड़े दस्तावेजों की जांच के लिए अगली सुनवाई 29 मई तय की है। साथ ही मामले में गिरफ्तार चार आरोपियों की न्यायिक हिरासत भी 29 मई तक बढ़ा दी गई।
सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस ने करीब 14 हजार पन्नों की चौथी पूरक चार्जशीट अदालत में पेश की। आरोपियों की ओर से पेश वकीलों ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि आरोप तय करने को लेकर पहले ही लंबी बहस हो चुकी है और अब चौथी चार्जशीट दाखिल करना कानून का दुरुपयोग प्रतीत होता है। बचाव पक्ष ने चार्जशीट की हार्ड कॉपी उपलब्ध कराने की मांग भी की।
सुनवाई के दौरान सभी आरोपी अदालत में पेश हुए। इससे पहले 13 मार्च को दिल्ली हाईकोर्ट ने मामले की आरोपी नीलम आजाद की जमानत शर्तों में संशोधन कर उन्हें हरियाणा के जींद में रहने की अनुमति दी थी। अदालत ने उन्हें प्रत्येक माह 15 तारीख को जांच अधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर रिपोर्ट देने का निर्देश भी दिया था।