रोहिणी के एक सोसाइटी में एक परिवार के मुखिया की मौत के बाद प्रशांत विहार थाना पुलिस ने उसका अंतिम संस्कार करवाया। परिवार के सभी सदस्यों के संक्रमित होने की वजह से आस पड़ोस के लोगों ने अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया था।
मामल रोहिणी सेक्टर 14 स्थित एक सोसाइटी की है। एक परिवार में माता-पिता और बेटा बहू कोरोना संक्रमित हो गए। सभी होम आईसोलेशन में हैं। इस बीच रविवार शाम प्रशांत विहार के थाना प्रभारी प्रवीण कुमार को किसी ने बताया कि घर के मुखिया की मौत हो गई है और कोई उसका अंतिम संस्कार करने को राजी नहीं है। आस पास के लोगों ने उसके बेटे बहू के घर के दरवाजे को भी बाहर से बंद कर दिया है। जिसकी वजह से वह बाहर नहीं निकल पा रहे हैं।
इस बात की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी अपने साथ टीम और एंबुलेंस लेकर वहां पहुंचे और पूरा इंतजाम करने के बाद शव को श्मशान घाट भेजा। मृतक के परिवार वालों ने दिल्ली पुलिस को धन्यवाद दिया है।