नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने वाहन चोरी और सेंधमारी में संलिप्त अंतरराज्यीय गिरोह के तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी राजवीर सिंह और गुरदीप सिंह तथा महाराष्ट्र के करन सिंह के रूप में हुई है। इन तीनों को 20 जुलाई को पहाड़गंज के चित्रगुप्त रोड के पास से गिरफ्तार किया गया है।
मध्य जिला पुलिस उपायुक्त निधिन वल्सन ने बताया, पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार चोरी की मोटरसाइकिलें, आभूषण, वारदात में इस्तेमाल होने वाले औजारों का जखीरा बरामद किया है। पुलिस उपायुक्त के अनुसार, गिरोह का मास्टरमाइंड राजवीर सिंह है, जिसे वर्ष 2020 में डीबीजी रोड थाने में दर्ज चोरी के मामले में पहले भी गिरफ्तार किया गया था। उस पर दिल्ली में तीन अन्य मामलों में संलिप्तता है। गिरोह के अन्य सदस्य गुरदीप और करन रेकी, चोरी और चोरी के सामान को छिपाने में उसकी मदद करते थे। ब्यूरो