दिल्ली सरकार आनंद विहार को टीकरी से एलिवेटेड रोड व टनल के जरिए जोड़ने के एक प्रोजेक्ट पर काम कर रही है। पूरा कॉरिडोर सिग्नल फ्री होगा। दूसरी तरफ सिग्नेचर ब्रिज से एक सिग्नल फ्री कॉरिडोर आईजीआई एयरपोर्ट तक तैयार करना है। इसके अलावा सिग्नेचर ब्रिज से दूसरा कॉरिडोर यमुना नदी के साथ-साथ डीएनडी से जुड़ेगा। वहीं, बीच से इसे आनंद विहार-टीकरी एलिवेटेड रोड से भी जोड़ा जाएगा।
इससे नोएडा व गाजियाबाद से आने वाले वाहन टीकरी बॉर्डर व एयरपोर्ट तक सिग्नल फ्री सफर कर सकेंगे। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों का कहना है कि छह प्रोजेक्ट बन जाने से रिंग रोड, दिल्ली-मथुरा एक्सप्रेसवे, नोएडा लिंक रोड, निजामुद्दीन, गीता कालोनी ब्रिज समेत दूसरी कई सड़कों पर वाहनों का दबाव कम हो जाएगा। इससे इन रास्तों की आवाजाही भी बेहतर होगी। इसका सीधा असर वायु प्रदूषण पर पड़ेगा। वाहनों से निकलने वाले धुएं का हिस्सा कम होने से प्रदूषण में कमी आएगी।