दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि दिल्ली सरकार ने केंद्र सरकार से सभी कंपनियों को रेमडेसिविर आपूर्ति की अनुमति देने की मांग की है, ताकि इसकी किल्लत खत्म हो सके। उन्होंने प्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि दिल्ली में बहुत कम दिनों का लॉकडाउन लगा है, दिल्ली छोड़ कर न जाएं।
पत्रकारों से बात करते हुए जैन ने कहा कि अगर केंद्र सरकार स्कूलों और कम्युनिटी सेंटर में वैक्सीनेशन सेंटर खोलने की अनुमति देती है, तो दिल्ली सरकार राजधानी में तेजी से वैक्सीनेशन कर पाएगी। संक्रमण के वर्तमान हालात के बारे में उन्होंने कहा कि सोमवार को दिल्ली में संक्रमण दर करीब 26 फीसद रही। साथ ही 90 हजार से ज्यादा लोगों के टेस्ट किए गए । उन्होंने कहा कि दिल्ली में बहुत ही आश्चर्य जनक तरीके से कोरोना के मामले आए हैं। पिछले तीन-चार दिनों से प्रतिदिन करीब 25 हजार मामले आ रहे हैं। इसी तरह देश में भी करीब ढाई लाख केस प्रतिदिन आ रहे हैं। ।
स्वास्थ्य मंत्री ने टीकाकरण को लेकर कहा की केंद्र सरकार ने 18 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों के वैक्सीनेशन की एक मई से अनुमति दे दी है। दिल्ली सरकार वैक्सीनेशन के लिए व्यापक तरीके से तैयारी करेगी। दिल्ली में पहले से ही 500 से अधिक वैक्सीनेशन सेंटर हैं। केंद्रों को और बढ़ाया जाएगा।
अगर केंद्र सरकार स्कूलों और कम्युनिटी सेंटर में टीकाकरण केंद्र खोलने की अनुमति देती है तो हम बहुत तेजी से वैक्सीनेशन कर पाएंगे।उन्होंने कहा कि रेमडेसिविर की पूरे देश में कमी है। देश में इसकी 12 से 14 कंपनिया हैं। अगर केंद्र सरकार इन सभी कंपनियों को इस दवा की आपूर्ति करने की अनुमति देती है तो इसकी किल्लत नहीं होगी।