जहांगीरपुरी इलाके में बुधवार रात दो दर्जन से अधिक लोगों ने एक गली में जमकर उत्पात मचाया। हंगामा होता देख महिलाएं और बच्चे खुद को बचाते हुए घरों में घुस गए। उपद्रवी गली में किसी की तलाश करते हुए आए थे, जिसके नहीं मिलने पर गली में खड़ी करीब आधा दर्जन गाड़ियों के शीशे तोड़कर फरार हो गए। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना में कोई चोटिल नहीं हुआ है। पुलिस मामला दर्ज कर सीसीटीवी कैमरों से हमलावरों की पहचान की और बृहस्पतिवार रात तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, रात करीब सवा नौ बजे दो दर्जन से अधिक लोग जहांगीरपुरी की एक गली में पहुंचकर हंगामा करने लगे। सभी के हाथों में लाठी, डंडे और हॉकी थी। कुछ युवकों के हाथ में हथियार भी थे। हमलावर किसी युवक की तलाश कर रहे थे। सभी शोरशराबा करने के साथ-साथ गाली-गलौज कर रहे थे। कोई भी व्यक्ति उनके सामने नहीं आ रहे थे। गली में मौजूद महिलाएं एवं बच्चे घर में घुस गए। किसी को न पाकर हमलावर गली में पार्क वाहनों को नुकसान पहुंचाने लगे। वैन, ऑटो, माल ढोने वाले टेंपो और कार के अलावा दुपहिया वाहनों के शीशे तोड़ दिए। दुपहिया वाहनों को नीचे गिराकर सभी फरार हो गए।
पुलिस ने जांच के दौरान आस पास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला और हमला करने आए पांच लोगों की पहचान कर बृहस्पतिवार शाम तक उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि उन लोगों का वहां रहने वाले एक युवक से विवाद हो गया था, जिसकी तलाश करते हुए सभी उस गली में पहुंचे थे। युवक के नहीं मिलने पर सभी वाहनों में तोड़फोड़ कर वहां से फरार हो गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि एक गली से दूसरी गली के बीच का यह विवाद है।