राजधानी में कोरोना संक्रमण के मामले रिकॉर्ड स्तर पर बढ़ रहे हैं। ऐसे में वैक्सीनेशन भी तेजी से बढ़ रहा है। दिल्ली में 16 जनवरी से शुरू हुए टीकाकरण अभियान को करीब तीन माह पूरे हो चुके है। इतने समय में 21लाख 45 हजार लोगों को वैक्सीन लग चुकी है। यह दिल्ली की कुल आबादी का 10 फीसदी है। विशेषज्ञों का कहना है कि संकम्रण के बढ़ते मामलों के बीच वैक्सीनेशन को और बढ़ाने की जरूरत है।
राजधानी में बीते एक महीने में 16 लाख लोगों को टीका लगा लगाया जा चुका है। इनमें करीब 15 लाख लोग 45 साल से अधिक उम्र के हैं। बाकि, एक लाख में अग्रिम मोर्चे पर तैनात कर्मचारी और स्वास्थ्य कर्मी शामिल हैं। दिल्ली में 45 साल से अधिक उम्र के लोगों की कुल संख्या करीब 60 लाख है। ऐसे में इस आयु वर्ग के सभी लोगों को टीका लगने में अभी भी करीब 2 महीने का समय लग सकता है। हालांकि, सरकार का कहना है कि अगर टीकाकरण सभी आयु वर्ग के लिए खोल दिया जाए और वैक्सीनेशन सेंटर बढ़ाने की अनुमति दी जाए तो अगले दो से तीन महीने में पूरी दिल्ली का टीकाकरण किया जा सकता है।
एम्स के डॉक्टर विक्रम बताते हैं कि जिस रफ्तार से संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं, उसको देखते हुए काफी तेजी से वैक्सीनेशन करने की जरूरत है। इस समय सभी पात्र लोगों को बिना किसी संशय के टीका लगवाना चाहिए। इससे अगर संक्रमण होगा भी तो गंभीर स्तर तक नहीं पहुंचेगा, और मौत के आंकड़े कम रहेंगे।
45 फीसदी कर्मचारियों ने भी नहीं ली दूसरी खुराक
टीकाकरण अभियान भले ही तेजी से चल रहा है, लेकिन 45 फीसदी कर्मचारियों ने वैक्सीन की दूसरी डोज ही नहीं ली है। दिल्ली में कुल 2 लाख 20 हजार कर्मचारियों ने टीके की पहली खुराक ली है। वहीं, अग्रिम मोर्चे पर तैनात करीब 4 लाख 10 हजार कर्मचारी वैक्सीन लगवा चुके हैं, लेकिन इनमें से आधे कर्मचारियों ने भी दूसरी खुराक नहीं ली है।
आंकड़ों पर गौर करे तो कुल टीकाकरण में सिर्फ 3 लाख 65 हजार लोगों ने ही दूसरी डोज ली है, जबकि पहली खुराक के समय के हिसाब से अभी तक 6 लाख 30 हजार लोगों को दूसरी डोज लग जानी चाहिए थी।जेनिस्ट्रिंग्स डायग्नोस्टिक केंद्र कि निदेशक डॉक्टर गौरी अग्रवाल बताती है कि वैक्सीन के सही फायदे के लिए दोनों खुराक लेना बहुत जरूरी है, लोग सोच रहे हैं कि एक डोज से ही वह सुरक्षित हो जाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं है। टीकाकरण पूर्ण तभी माना जाएगा, जब दोनो खुराक समय पर ली जाए। इससे ही शरीर में संक्रमण के खिलाफ एंटीबॉडी बन सकेगी।
टीकाकरण के आंकड़े
- कुल टीकाकरण- 21 लाख 45 हजार
- पहली डोज -17 लाख 80 हजार
- दूसरी डोज- 3 लाख 65 हजार
--
नोट- आंकडे स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक हैं, और 12 अप्रैल तक के हैं