जनवरी के आखिरी दिन भी लोगों को ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। एक फरवरी से सक्रिय हो रही पश्चिमी विक्षोभ के कारण लोगों को ठंड से हल्की राहत मिल सकती है। वहीं, आगामी चार से पांच दिनों में हल्की बारिश की संभावना भी जताई जा रही है।
बीते करीब 10 वर्षो में यह पहली बार है जब जनवरी का पूरा माह ठंडा दर्ज किया गया है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अमूमन जनवरी के अंत में सर्दी कम होना शुरू हो जाती है। इस वजह से न्यूनतम तापमान आठ से 10 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जाता है, लेकिन इस बार जनवरी बीतते बीतते भी न्यूनतम तापमान तीन से पांच डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा है।
स्काईमेट वेदर के प्रमुख मौसम विज्ञानी महेश पालावत के अनुसार, रविवार को दिल्ली वासियों को शीतलहर का सितम और झेलना पड़ेगा। इसके बाद एक फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इस वजह से दिन और रात के तापमान में भी वृद्धि दर्ज की जाएगी।
पलावत के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ की वजह से आगामी चार से पांच दिनों में दिल्ली के विभिन्न इलाकों में बारिश की संभावना बनी हुई है। इसके बाद धीरे-धीरे तापमान में वृद्धि होना शुरू हो जाएगी। प्रदेशिक मौसम विभाग के अनुसार,शनिवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन कम 5.4 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान सामान्य से एक कम 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिल्ली- एनसीआर की हवा में हल्का सुधार
दिल्ली- एनसीआर की हवा में शनिवार को हल्का सुधार दर्ज किया गया है। इस कड़ी में फरीदाबाद और गुरुग्राम की हवा खराब श्रेणी और दिल्ली गाजियाबाद ग्रेटर नोएडा व नोएडा की हवा में भी सुधार हुआ है। आगामी एक दिन में हवा की स्थिति में सुधार होने की संभावना है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शनिवार को राजधानी औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 309 दर्ज किया गया। इससे एक दिन पहले यह 387 था। सफर के अनुसार, हवा की रफ्तार बढ़ने की वजह से रविवार को भी हवा की स्थिति सुधर सकती है, लेकिन सोमवार व मंगलवार को हवा की स्थिति हल्के बिगड़ने की संभावना है।
पिछले 24 घंटे में प्रदूषण के लिए जिम्मेदार तत्व पीएम10 का स्तर 238 और पीएम 2.5 का स्तर 126 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया जबकि पीएम10 का स्तर 100 से कम और पीएम 2.5 का स्तर 60 से कम होने पर सुरक्षित माना जाता है।
दिल्ली- एनसीआर एक्यूआई
दिल्ली 309
फरीदाबाद 278
गाजियाबाद 338
ग्रेटर नोएडा 308
गुरुग्राम 281
नोएडा 302