कोरोना संक्रमण को काबू करने में टीकाकरण अभियान काफी महत्वपूर्ण साबित हो रहा है। टीका लगवा चुके 98 फीसदी स्वास्थ्य कर्मियों को संक्रमण नहीं हुआ है। शेष 2 फीसदी कर्मचारी संक्रमित हुए भी तो उनमें काफी हल्के लक्षण मिले हैं। अपोलो अस्पताल कि ओर से किए गए अध्ययन में यह बात सामने आई है।
अपोलो अस्पताल के समूह चिकित्सा निदेशक डॉक्टर अनुपम सिब्बल ने बताया कि पिछले कई महीनों में ऐसे मामले दर्ज किए गए हैं, जहां टीका लगने के बाद भी मरीजों को संक्रमण हुआ है। इसे ‘ब्रेक थ्रू इन्फेक्शन’ कहा जाता है। कुछ लोगों में पहली डोज और कुछ में पूर्ण टीकाकरण के बाद भी संक्रमण हुआ है। अस्पताल की ओर से किए गए अध्ययन में पता चला है कि टीकाकरण के बाद 97.38 फीसदी मामलों में मरीज कोरोना संक्रमण से सुरक्षित रहे।
टीकाकरण के बाद जिन कर्मचारियों को संक्रमण हुआ भी है तो उनमें काफी हल्के लक्षण मिले। डॉ.सिब्बल के मुताबिक, इस अध्ययन में टीकाकरण करा चुके 3235 स्वास्थ्यकर्मियों को शामिल किया गया। जो संक्रमित हुए, उनमें से एक फीसदी को भी अस्पाताल में भर्ती करने की जरूरत नहीं पड़ी। इस अध्ययन से पता चलता है कि टीकाकरण कितना जरूरी है।