रणहौला इलाके में यूनियन बैंक के एक एटीएम से 23 लाख रुपये चोरी होने का मामला सामने आया है। मशीन में कोई तोड़फोड़ के निशान नहीं मिले हैं। कैश बॉक्स से रुपये और हार्डडिस्ट गायब है। एटीएम मशीन की देखरेख करने वाले कर्मचारी की शिकायत पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बापरौला विहार निवासी दीपेंद्र मणि पांडेय (30) ने पुलिस को एटीएम से चोरी होने की शिकायत की है। शिकायत में उसने बताया कि वह गुरुग्राम स्थित सिक्योर वेल्यू इंडिया लिमिटेड में बतौर एटीएम ऑफिसर काम करता है। वह एटीएम में पैसे डालने का काम करता है।
उसने बताया कि वह 10 मार्च को अपने सहयोगियों के साथ सैनिक एंक्लेव स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम 18 लाख रुपये डाला था। मशीन में पहले से पांच लाख रुपये थे। अगले दिन दोपहर में कंपनी से एटीएम की डाउन कॉल की जानकारी मिली।
दीपेंद्र अपने सहयोगी चंद्रमोहन के साथ एटीएम बूथ पर पहुंचा। जांच में पता चला कि मशीन में कोई तोड़फोड़ नहीं थी। कैश बॉक्स खोलने पर पता चला कि उसमें से हार्ड डिस्क और 23 लाख रुपये गायब है।
तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने छानबीन करने के बाद दीपेंद्र के बयान पर चोरी का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस एटीएम व उसके आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगालकर जांच में जुटी है।