मौसम में बदलाव के साथ ही दिल्ली मसूरी समेत अन्य पहाड़ी इलाकों से भी सर्द हो गई है। बीते 24 घंटे में दिल्ली का न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से तीन कम दर्ज किया गया है। वहीं, मसूरी का न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे में भी सुबह-शाम सर्द हवाओं के साथ सर्दी बढ़ेगी।
मौसम विभाग के मुताबिक, बीते 24 घंटे में नैनीताल का न्यूनतम तापमान दिल्ली से अधिक 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, देहरादून में 9.8 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ है। दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से एक अधिक 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 33 से 90 फीसदी रहा। सुबह धुंध छाई रही व दिनभर धूप निकलने के बाद भी हल्की सर्दी महसूस की गई। सूरज ढलने के बाद शाम को सर्दी का अहसास बढ़ गया था। सर्दी का अहसास बढ़ने के साथ दिल्ली-एनसीआर में लोगों ने अब सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनना शुरू कर दिए हैं।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इन दिनों पहाड़ों पर बर्फबारी का दौर बन रहा है। ऐसे में बर्फबारी का दौर थमने के बाद दिल्ली-एनसीआर में पहाड़ी दिशा से आने वाली सर्द हवाएं ठिठुरन बढ़ाएंगी। विशेषज्ञों का कहना है कि सप्ताह के अंत तक न्यूनतम और अधिकतम तापमान में तेजी से कमी आने की संभावना है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे में सुबह धुंध छाई रहने के साथ अधिकतम तापमान 27 व न्यूनतम तापमान आठ डिग्री दर्ज किया जा सकता है।