जामिया मिलिया इस्लामिया (जेएमआई) का शताब्दी वर्ष दीक्षांत समारोह रविवार को आयोजित किया जाएगा। दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित होने वाले इस दीक्षांत समारोह में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ करीब 12500 छात्रों को डिग्री और डिप्लोमा देकर सम्मानित करेंगे जबकि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
जामिया के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, शैक्षणिक वर्ष 2019 और 2020 में उत्तीर्ण छात्रों को शताब्दी वर्ष दीक्षांत समारोह में डिग्री और डिप्लोमा प्रदान किये जाएंगे। सबसे पहले कुलपति प्रोफेसर नजमा अख्तर विश्वविद्यालय की उपलब्धियां गिनवाते हुए रिपोर्ट पेश करेंगी। समारोह में 12500 से अधिक छात्र शामिल होंगे। विज्ञान भवन में सीमित स्थान को ध्यान में रखते हुए यहां पर केवल स्वर्ण पदक विजेताओं और पीएचडी उत्तीर्ण छात्रों को ही डिग्री प्रदान की जाएगी। जबकि अन्य सभी छात्रों को जामिया कैंपस में दोपहर को डिग्री और डिप्लोमा प्रदान किए जाएंगे।
वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, रविवार शाम को जामिया कैंपस स्थित डॉ. एमए अंसारी सभागार में एक विशेष समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना टॉपर्स को स्वर्ण पदक वितरित करेंगे। डॉ. एमए अंसारी ऑडिटोरियम का नवीनीकरण किया गया है। इसमें पहला कार्यक्रम शताब्दी वर्ष समारोह का आयोजित किया जा रहा है। इसकी स्थापना वर्ष 1990 में हुई थी और रखरखाव के काम के लिए यह पिछले कुछ महीनों से बंद था।