दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को शपथ ग्रहण करने के बाद सोमवार को अपना कार्यभार संभाला। पिछले कार्यकाल की तरह इस बार भी उनके पास कोई मंत्रालय नहीं रहेगा। उनके अलावा उनके अन्य मंत्रियों ने भी अपना कामकाज संभाला।
नई व्यवस्था में अरविंद केजरीवाल ने अपने सबसे विश्वस्त सहयोगी सत्येंद्र जैन को दिल्ली जल बोर्ड के मोर्चे पर नियुक्त किया है। वे पूर्व सरकार की तरह इस सरकार में भी स्वास्थ्य मंत्रालय की जिम्मेदारी संभालते रहेंगे। दिल्ली जल बोर्ड से दिनेश मोहनिया से डिप्टी चेयरमैन पद की जिम्मेदारी वापस ले ली गई है।
अरविंद केजरीवाल मंत्रिमंडल में श्रम मंत्री रहे गोपाल राय इस बार पर्यावरण मंत्रालय की भी जिम्मेदारी संभालेंगे। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की जिम्मेदारी राजेंद्र पाल गौतम संभालेंगे। इसके पूर्व दिल्ली के शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की जिम्मेदारी संभालते रहे थे। बाकी के मंत्रालय पिछले मंत्रिमंडल के हिसाब से ही चलेगा।
पिछली बार की तरह शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी अरविंद केजरीवाल के विशेष सहयोगी बनकर उभरे मनीष सिसोदिया संभालेंगे। आम आदमी पार्टी शिक्षा विभाग में एक बार फिर महत्वपूर्ण परिणाम देने की तैयारी कर रही है।
मनीष सिसोदिया के नेतृत्व में दिल्ली की शिक्षा व्यवस्था में बेहद सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिले थे। दिल्ली सरकार को भारी बहुमत से वापस लाने में उनके शिक्षा मॉडल का बेहद अहम योगदान माना जाता है।
जानकारी के मुताबिक, कैबिनेट मंत्री कैलाश गहलोत कानून, राजस्व, परिवहन मंत्रालय और आईटी का कामकाज संभालेंगे। राजेंद्र पाल गौतम सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय और इमरान हुसैन खाद्य एवं वितरण विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे।