कोरोना महामारी के दौरान तमाम ऐसे बच्चों के सामने संकट खड़ा हो गया है जिनके अभिभावक कोरोना से बीमार अस्पातलों में भर्ती हैं। कई बच्चों के अभिभावक उनसे बिछड़ चुके हैं। ऐसे बच्चों की आवश्यक जरुरतों और समस्याओं को दूर करने के लिए दिल्ली बाल अधिकार संरक्षण आयोग (डीसीपीसीआर) ने हेल्पलाइन नंबर 9311551393 जारी किया है।
डीसीपीसीआर के अध्यक्ष अनुराग कुंडू ने शुक्रवार को लोगों से अपील की है कि ऐसे बच्चों पर नजर रखें और कहीं ऐसे बच्चे दिखे तो हेल्पलाइन पर फोन करें। ऐसे बच्चों को 24 घंटे मदद सुनिश्चित की जाएगी।
डीसीपीसीआर के अध्यक्ष अनुराग कुंडू ने बताया कि ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिनमें बच्चे अभिभावकों को खो चुके हैं और उन्हें तत्काल देखभाल की आवश्यकता है। आयोग ऐसे सभी मामलों को 24 घंटे से कम समय में हल करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसलिए तत्काल प्रभाव के साथ हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है।
हेल्पलाइन के जरिए आने वाले सभी तात्कालिक फोन पर डीसीपीसीआर 24 घंटे के अंदर मदद पहुंचाएगा। बच्चों के लिए दवाइयां, भोजन, आश्रय, कपड़े इत्यादि आवश्यक जरुरतों की आपूर्ति की जाएगी।