दिल्ली नगर निगम उपचुनाव में जीत के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। केजरीवाल ने कहा कि ये तो एक ट्रेलर है। इससे पहले नगर निगम उपचुनाव के नतीजों पर दिल्ली के लोगों ने एक बार फिर से काम के नाम पर वोट दिया। सबको बधाई। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 15 साल के भाजपा के कुशासन से जनता परेशान हो चुकी है। लोग अब MCD में भी आम आदमी पार्टी की सरकार बनाने के लिए बेताब हैं।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि यह जीत दिखाती है कि जनता आम आदमी पार्टी के काम से खुश है। 2015 में हम 70 में से 67 सीट जीते, 2020 में हम 70 में से 62 सीट जीते और अब एमसीडी के उप चुनाव में पांच में से चार सीट देकर जनता ने बता दिया है कि वह हमें लगातार काम करते देखना चाहती है। जबकि भाजपा की 0 सीट ये बताती है कि लोग उनसे नाराज हैं।
लोग भाजपा के एमसीडी के 15 वर्ष के शासन से बेहद नाराज थे कि उन्होंने भाजपा को एक भी सीट नहीं दी। भाजपा ने दिल्ली में सिर्फ कूड़ा फैलाया है, यह इतना भ्रष्टाचार में लिप्त है कि लोग इसे दिल्ली का सबसे भ्रष्ट विभाग बुलाते हैं। आप को वोट देकर लोगों ने बताया है कि वह चाहते हैं कि आप एमसीडी में भी अच्छा काम करे।
केजरीवाल ने कहा कि लोगों को अच्छा नहीं लगा जब भाजपा ने हमसे 13000 करोड़ रुपये मांगे। जितने भी पैसे देने थे वो दिल्ली सरकार ने दिए लेकिन वो और पैसे मांगते रहे और जनता को ये अच्छा नहीं लगा। वो सरकार जो अपने सफाई कर्मचारियों को पैसा नहीं दे सकती उसे सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है।
आपको बता दें कि दिल्ली नगर निगम उपचुनाव के पांचों वार्ड के नतीजे घोषित हो चुके हैं। इनमें से चार वार्ड रोहिणी सी, शालीमार बाग, त्रिलोकपुरी, कल्याणपुरी पर आप ने परचम लहराया है वहीं चौहान बांगर सीट पर कांग्रेस ने कब्जा किया है। दूसरी ओर भाजपा अपनी एक सीट भी नहीं बचा सकी।
आप एमसीडी प्रभारी ने कहा कि पिछले 15 साल से भाजपा ने एमसीडी को खूब लूटा है, दूसरी तरफ केजरीवाल सरकार ने दिल्ली का संपूर्ण विकास किया है। उपचुनावों के नतीजे साफ संकेत देते है कि दिल्ली की जनता अगले साल एमसीडी भी अरविंद केजरीवाल जी को देने का मन बना चुकी है।