सहेली समन्वय कार्यक्रम के तहत आंगनबाड़ी हब को जोड़कर स्थानीय महिलाओं के लिए इन्क्यूबेशन सेंटर बनाएंगे। चार घंटे आंगनबाड़ी का काम करने के बाद ये लोकल इन्क्यूबेशन के तहत कार्य करेंगी। इसके लिए इन्हें ट्रेनिंग भी दी जाएगी।
नई ई-वाहन पॉलिसी आने के बाद से ई-वाहनों की खरीद का प्रतिशत 0.2 से बढ़कर 2.2 प्रतिशत हो गया है। सिसोदिया ने कहा, हमारा सपना है कि 25 प्रतिशत हो ई वाहन की खरीदारी। 72 से 500 चार्जिंग स्टेशन बढ़ाने का हमारा लक्ष्य है। हर तीन किलोमीटर पर लोगों को मिले चार्जिंग स्टेशन। जब देश आजादी की सौवीं वर्षगांठ मना रहा होगा तब दिल्ली 100 प्रतिशत प्रदूषण मुक्त हो चुकी होगी। ये एक मुश्किल सपना है लेकिन हम इसे पूरा करेंगे।
दिल्ली सरकार द्वारा स्थानीय निकायों को चार हजार करोड़ रुपये की मदद दी जाएगी, इसके अलावा स्टांप शुल्क, पार्किंग शुल्क भी स्थानीय निकायों को दिया जाएगा।
दिल्ली के लोगों को हेल्थ कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा जिसमें उनकी हर बीमारी का पूरा ब्योरा मौजूद होगा जिससे वह कभी भी डॉक्टर के पास जाएं तो पुरानी फाइलों का बोझ न ढोना हो।
दिल्ली सरकार अगले साल से महिलाओं के लिए विशेष महिला मोहल्ला क्लिनिक शुरू करेगी। जिससे दिल्ली की माताओं और बहनों को इससे सहायता मिलेगी।
मनीष सिसोदिया ने बताया कि होम आइसोलेशन और प्लाज्मा बैंक बनाना दोनों इनोवेटिव आइडिया थे जिसकी शुरुआत दिल्ली ने की। जल्द ही हम 60000 प्रतिदिन वैक्सीन लगाने की क्षमता हासिल कर लेंगे जो अब तक 45,000 प्रतिदिन है। दिल्ली सरकार ने निर्णय लिया है कि सरकारी अस्पताल में निःशुल्क वैक्सीन लगेगी इसके लिए 50 करोड़ की राशि का अलग से प्रवाधान किया।
दिल्ली में 12 मार्च से देशभक्ति के कार्यक्रम शुरू होंगे, जिसमें आगे के विजन को दर्शाया जाएगा। स्कूलों में एक पीरियड देशभक्ति का होगा। बच्चों को देशभक्त, दूसरों का सम्मान करने वाला और बेहतर इंसान बनाया जाएगा।
आजादी की 75वीं वर्षगांठ को मनाने के लिए पूरी दिल्ली में 500 तिरंगे लहराएंगे। जब सिसोदिया ने ये घोषणा की तो पूरा सदन भारत माता के जयकारे से गूंज उठा।
आजादी में मुख्य भूमिका निभाने वाले भगत सिंह और बाबा साहब भीमराव अंबेडकर को लेकर भी कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बाबा साहब के योगदान का विशेष रूप से धन्यवाद देने के लिए बजट में 10 करोड़ का अलग से प्रावधान किया गया है।
दिल्ली सरकार ने 2021-22 के लिए 6900 करोड़ रुपये का बजट पेश किया है जो विभिन्न स्रोत से आएंगे।
सिसोदिया ने कहा कि, दिल्ली की पर कैपिटा इनकम 1993-94 18 हजार से कुछ ज्यादा थी और 2019-20 में दो लाख से ऊपर है। जो देश में दूसरे नंबर पर है।
आज के बजट को मैं इंडिया एट 75 के साथ ही इंडिया एट 100 की आधारशिला के रूप में भी पेश कर रहा हूं। आजादी के सौवें वर्ष में देश स्वतंत्र, शिक्षित देश के रूप में खड़ा हो जिसकी धूरी दिल्ली हो ऐसा बजट हम पेश कर रहे हैं।
सिसोदिया ने बजट भाषण शुरू करते हुए कहा कि, 15 अगस्त 2021 हमारे लिए एतिहासिक तारीख होगी क्योंकि ये आजादी का 75वां वर्ष होगा। ये सदन 1912 से 1926 तक अखंड भारत का सदन रहा। हमारा यह बजट देशभक्ति बजट होगा। पूरे 75 सप्ताह तक सरकार पूरी दिल्ली में आजादी के पर्व पर विभिन्न आयोजन करेगी।