दिल्ली सरकार ने ग्रीन पटाखों के इस्तेमाल को लेकर सुप्रीम कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए आम आदमी पार्टी के दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिवाली पर पटाखों के बैन का मामला कोर्ट की सीधी निगरानी में है।
दिल्ली में पटाखों पर बैन को लेकर अब मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया है। वहीं इसपर राजनीतिक दलों के नेताओं के बयान भी आ रहे हैं। आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने बयान दिया है। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि चाहे यमुना किनारे छठ पूजा का आयोजन हो या दिवाली पर पटाखों पर प्रतिबंध दोनों मामले अदालत की सीधी निगरानी में हैं।
विज्ञापन
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि करीब एक महीने पहले जस्टिस बी.आर. गवई ने अपनी राय रखते हुए कहा था कि अगर पटाखों पर बैन लगाया जा रहा है, तो यह सिर्फ एनसीआर में नहीं बल्कि पूरे देश में लागू होना चाहिए। भारद्वाज ने कहा कि पहले भी सुप्रीम कोर्ट ने पटाखों पर रोक लगाई थी और अब वही कोर्ट इस बैन को हटा सकता है या जारी रख सकता है।