- दिल्ली जल बोर्ड दफ्तर के बाहर टूटी सड़क की मरम्मत अधर में, रोजाना दुकानदारों और राहगीरों को झेलनी पड़ रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
पूर्वी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के त्रिलोकपुरी में जिस सड़क को कभी आवाजाही के लिए बनाया गया था, अब वह स्थानीय निवासियों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। मौजूदा समय में सड़क पर सिर्फ ईंट-पत्थरों का ढेर नजर आता है। ऐसे में पास बनी दुकानों पर ग्राहक भी आने से कतराने लगे है।
इलाके के ब्लॉक-4 स्थित दिल्ली जल बोर्ड दफ्तर (डीजेबी) के बाहर की सड़क पर सुविधाओं की जगह मलबे का ढेर नजर आता है। स्थानीय निवासी विजय ने बताया, दफ्तर के पास बनी दुकानों के सामने दो महीने पहले बारिश के कारण सड़क धंस गई थी, जिससे बड़ा गड्ढा हो गया था। ऐसे में नगर निगम ने अपनी लापरवाही छिपाने के लिए गड्ढे में मलबा भर दिया। सड़क की मरम्मत न होने से वहां मलबे का बड़ा सा ढेर लग गया है, जिस वजह से सड़क की लेन पूरी तरह बंद हो गई। ऐसे में वाहन चालक व राहगीर गलत दिशा से आवाजाही कर रहे हैं। वहीं, इसका सीधा असर सड़क किनारे बनी दुकानों पर पड़ रहा है, क्योंकि रास्ता बंद होने से ग्राहक दुकानों तक नहीं पहुंच रहे हैं।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि ग्राहकों की आवाजाही घट गई है। मलबे के कारण लोग यहां रुकने से बचते हैं, जिससे कारोबार पर असर पड़ रहा है। स्थानीय निवासी ब्रिजेश ने कहा, दो महीने से हम इंतजार कर रहे हैं कि सड़क की मरम्मत होगी, लेकिन कोई काम शुरू नहीं हुआ। धूल और गड्ढे से आवाजाही में परेशानी हो रही है। शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। एक अन्य निवासी दिनेश ने बताया कि मलबे के चलते आए दिन यहां हादसे के खतरा बना रहता है।