कोरोना नियमों का उल्लंघन करने पर दिल्ली के दो बाजारों को बंद कर दिया गया है। इसमें रोहिणी सेक्टर नौ के डीसी चौक बाजार को चार दिन और लाजपत नगर की गढ़ी मार्केट को दो दिन के लिए बंद किया गया है। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएम) के नियमों का पालन न करने पर संबंधित जिला प्रशासन ने इन बाजारों को बंद किया है।
प्रशासन ने पुलिस और निगम को सख्ती के साथ उनके आदेश का पालन कराने के लिए कहा है। आदेश न मानने वाले दुकानदारों पर कड़ी कार्रवाई करने को भी कहा है। जिला प्रशासन कि ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि इन बाजारों में कोविड प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया जा रहा है।
मार्केट एसोसिएशन और विक्रेता आम जनता से कोविड के नियमों का अच्छे से पालन नहीं करा पाए और न ही भीड़ को नियंत्रित कर पाए। बाजार में उमड़ी भीड़ तेजी से कोरोना संक्रमण का कारण बन सकती है। इसलिए प्रशासन को आगे बढ़कर कड़ाई से बाजार बंद करने का निर्णय लेना पड़ा।
आदेश में यह भी कहा गया है कि अगर बाजार के बंद किए गए क्षेत्र में कोई भी दुकानदार निर्देश का पालन नहीं करेगा तो उसके खिलाफ महामारी अधिनियम के उल्लंघन में सख्त कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, इस दौरान जरूरी सेवाओं से जुड़ी सभी दुकाने खुली रहेंगी।
जिला प्रशासन ने मार्केट एसोसिएशन से अगले तीन में कोविड प्रोटोकॉल के पालन से संबंधित योजना तैयार करके पेश करने को भी कहा है। कोविड प्रोटोकॉल का पालन न करने पर इससे पहले लक्ष्मी नगर बाजार, लाजपत नगर बाजार और गफ्फार बाजार को भी बंद कर दिया गया था।