नई दिल्ली। मौसम में बदलाव का असर अब मैदानी इलाकों में भी दिखने लगा है। फरवरी के पहले ही दिन रिकॉर्ड तोड़ने के बाद मंगलवार को धूप खिली। इससे लोगों को ठंड से राहत मिली। वैसे जल्द ही दिल्ली-एनसीआर में बादल छाने की संभावना है। छिटपुट बारिश भी हो सकती है।
प्रादेशिक मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान सामान्य से दो कम 6.2 और अधिकतम सामान्य से 6 अधिक 28.1 डिग्री सेल्सियस रहा। दिनभर धूप खिलने से लोगों को ठंड से निजात मिली। बुधवार को न्यूनतम तापमान 9 व अधिकतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटे में हवा में नमी का स्तर अधिकतम 100 व न्यूनतम 37 फीसदी रहा। इस कारण दिल्ली के विभिन्न इलाकों में तड़के औसत श्रेणी का कोहरा रहा।
एक दिन पहले मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की बात कही थी। इस कारण जल्द ही बादल छाने के साथ बारिश हो सकती है। इसके बाद हल्की ठंडक महसूस होगी। फिर दिन और रात के तापमान में लगातार वृद्धि होगी।
दिल्ली-एनसीआर की हवा की गुणवत्ता मंगलवार को बहुत खराब श्रेणी में बरकरार रही। एक दिन पहले खतरनाक रही गाजियाबाद की हवा कुछ सुधरकर बहुत खराब श्रेणी में आ गई। अगले 24 घंटे यही स्थिति रहने की संभावना है। बृहस्पतिवार से सुधार के आसार हैं।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, मंगलवार को राजधानी का औसत एक्यूआई 364 रहा। एक दिन पहले यह 352 था। गाजियाबाद में एक्यूआई मामूली सुधरकर 394 रहा। पिछले 24 घंटे में प्रदूषण के लिए जिम्मेदार तत्व पीएम10 352 व पीएम2.5 200 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर दर्ज हुआ। पीएम10 100 से कम व पीएम2.5 60 से कम होने पर सुरक्षित माना जाता है।