नई दिल्ली। राउज एवेन्यू कोर्ट में दिल्ली महिला आयोग में नियुक्तियों में गड़बड़ियों के मामले में आरोपी सांसद स्वाति मालीवाल के खिलाफ मंगलवार को सुनवाई हुई। विशेष न्यायाधीश जितेंद्र सिंह की अदालत में मालीवाल ने 19, 21 और 22 अगस्त के लिए व्यक्तिगत उपस्थिति से छूट के लिए आवेदन दायर किया। अदालत ने यह प्रार्थना स्वीकार कर ली। साथ ही शर्त लगाई कि वह गवाहों की पहचान पर विवाद न करें। इस दौरान दिल्ली पुलिस के निरीक्षक राज कुमार तोमर और सेवानिवृत्त उप-निरीक्षक भूप सिंह से जिरह हुई। साथ ही सुनवाई 21 अगस्त के लिए टाल दी। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) से पूर्व विधायक बरखा सिंह ने 11 अगस्त 2016 को शिकायत कर आरोप लगाया था कि दिल्ली महिला आयोग में नियमों को दरकिनार कर आम आदमी पार्टी से जुड़े लोगों को नियुक्त किया गया है। संवाद