न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र में एक करोड़पति बेटे द्वारा बुजुर्ग मां को घर से बाहर निकालने का मामला सामने आया है। महिला दर-दर की ठोकरें खा रही है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 76 वर्षीय सविता ने अपनी शिकायत में कहा है कि उसे कई गंभीर बीमारी है। उसके तीन बेटे हैं। पारिवारिक समझौता के तहत वह वर्ष 1997 से अपने छोटे बेटे समीर के साथ रहती है। उसने आरोप लगाया कि गत 12 सितंबर को बिना उसकी इजाजत के समीर ने घर को बेच दिया।
उसके बाद उसने न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित नए घर में चलने के लिए कहा। पुराना घर खाली करने के दौरान उसके बेटे ने उसके सारे सामान को बेच दिया। नए घर में जाने के बाद 17 सितंबर को बेटे ने उसे घर से निकाल दिया।
शिकायत में उसने बताया कि यह सब पूर्व नियोजित था। उसके बाद से सविता अपने रिश्तेदारों के घरों व होटलों में रह रही है। महिला ने पुलिस से गुहार लगायी है कि उसके बेटे के खिलाफ कार्रवाई की जाए। जिससे उसे रहने के लिए छत मिल सके।