कमीशन पर करता था ड्रग्स की तस्करी
90 ग्राम हेरोइन के साथ नाइजीरियाई धरा
हेेरोइन की खेप लेकर करनाल जाने की तैयारी में था
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। समयपुर बादली थाना पुलिस ने ड्रग्स तस्करी में लिप्त एक नाइजीरियाई को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 90 ग्राम हेेरोइन मिली है। जांच में पता चला कि आरोपी अंतरराष्ट्रीय गैंग के लिए कमीशन पर तस्करी कर रहा था। गिरफ्तारी के समय वह करनाल जाने के लिए बस में सवार हो रहा था। आरोपी की पहचान चिनेडू के रूप में हुई। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर गोरखधंधे में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
जिला पुलिस उपायुक्त गौरव शर्मा ने बताया कि समयपुर बादली थाने में तैनात सिपाही विक्रम की ड्यूटी मुकरबा चौक पर थी। सोमवार दोपहर डेढ़ बजे उसे सूचना मिली कि एक नाइजीरियाई चंडीगढ़ जाने के लिए बस स्टैंड पर खड़ा है, उसके पास हेेरोइन है। सिपाही ने वहां पहुंचकर उसे हिरासत में लेकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसकी जेब से 90 ग्राम हेरोइन मिली। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नवादा में रहता है। उसका पासपोर्ट खो गया है। उसने बताया कि वह ड्रग्स सप्लाई करने वाले अंतरराष्ट्रीय गैंग से जुड़ा हुआ है। उसने बताया कि सुबह उसके पास एक शख्स का फोन आया था, जिसने उसे द्वारका से खेप लेकर करनाल पहुंचाने को कहा था।