राजपथ पर कैंडल मार्च निकालकर मांगा इंसाफ
मोती नगर में छेड़छाड़ के विरोध पर हत्या का मामला : विधायक कपिल मिश्रा के साथ सैकड़ों लोग पहुंचे
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मोती नगर में छेड़छाड़ के विरोध पर हत्या के मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए बुधवार को राजपथ पर कैंडल मार्च निकाला गया। हाथ में तख्ती और बैनर लिए लोगों के साथ मृतक की बेटी और उसके दादा मौजूद थे।
शाम को आप के बागी विधायक कपिल मिश्रा सहित सैकड़ों लोग बोट क्लब पर जमा हुए। वहां से इंडिया गेट तक कैंडल मार्च निकाला गया। लोगों ने इस दौरान नारेबाजी करते हुए दिल्लीवालों को सुरक्षा दिलाने की मांग की। कैंडल मार्च के दौरान पीड़ित परिवार ने बताया कि हत्या करने वालों में कई लोग शामिल हैं। पूरे परिवार ने मिलकर उन पर हमला किया था, लेकिन पुलिस ने इन्हें अब तक गिरफ्तार नहीं किया है। उनके इलाके में गुंडागर्दी चरम पर है। राह चलती लड़कियों से छेड़छाड़ और सरेआम मारपीट आम हैं। इसके बावजूद शांति, सुरक्षा और न्याय का दावा करने वाली दिल्ली पुलिस अपराधियों पर अंकुश लगाने में नाकामयाब है। कैंडल मार्च में दिल्ली पुलिस पर भी आरोप लगाए गए। इस बीच ‘वी वांट जस्टिस’, ‘दोषियों को फांसी दो’, ‘खून का बदला खून से लेंगे’ जैसे नारे लगाए गए। कैंडल मार्च में काफी संख्या में युवा शामिल थे।