युवक की चाकू से वारकर हत्या
- घर से पांच सौ मीटर पहले किया वार, दोस्तों से पुलिस कर रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। देशबंधु गुप्ता रोड इलाके में शनिवार देर रात एक युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। युवक रानी झांसी रोड कसाबपुरा ईदगाह के पास खून से लथपथ हालत में मिला। पुलिस ने उसे पास के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी शिनाख्त मोहम्मद समीर (30) के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई है। मामले में समीर के कुछ दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। जिस जगह पर समीर लहूलुहान हालत में मिला। उससे पांच सौ मीटर दूर उसका घर था।
पुलिस के अनुसार समीर सपरिवार सदर बाजार इलाके में रहता था। परिवार में मां, एक भाई और बहन है। उसके पिता का देहांत हो चुका है। समीर दरियागंज स्थित एक स्टॉक एक्सचेंजर के यहां काम करता था। शनिवार को वह अपने कार्यालय गया था लेकिन शाम को वापस घर नहीं पहुंचा। इसी बीच रात करीब 10 बजे पुलिस को ईदगाह के पास एक युवक के घायल अवस्था में पड़े होने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस ने लूटपाट से इंकार करते हुए बताया कि समीर के पास से उसका मोबाइल, पर्स व अन्य सामान मिले हैं। उसके सीने में एक चाकू मारा गया था। जिससे उसका हार्ट पंचर हो गया। तफ्तीश के दौरान पुलिस को पता चला कि कार्यालय से वापस आने के बाद समीर अकसर अपने दोस्तों के पास बैठता था। पुलिस ने उसके कुछ दोस्तों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को कब्जे में लेकर छानबीन की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी का दावा किया है।