कालकाजी मंदिर में भगदड़
की सूचना से अफरा-तफरी
- पुलिस कंट्रोल रूम को फोन पर दी गई भगदड़ और 20-25 बच्चों के जख्मी होने की खबर
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्व दिल्ली के कालकाजी मंदिर में शनिवार सुबह भगदड़ मचने और उसमें 20-25 बच्चों के घायल होने की सूचना मिलने से अफरा-तफरी फैल गई। आनन-फानन में जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी कालकाजी मंदिर पहुंच गए। मंदिर में सब कुछ ठीक-ठाक मिला। पुलिस ने कॉलर से संपर्क करने का प्रयास किया तो उसने फोन नहीं उठाया। बाद में उसका नंबर बंद आने लगा। छानबीन के बाद पुलिस ने इसे हॉक्स कॉल करार दिया। अब पुलिस आरोपी कॉलर की तलाश में है।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 11 बजे नियंत्रण कक्ष को किसी ने फोन पर मंदिर में भगदड़ और कई के घायल होने की सूचना दी। जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तो जांच के बाद सब कुछ सामान्य मिला। इधर, घटना के बाद पुलिस ने आरोपी कॉलर के नंबर पर रिंग की, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। बाद में उसने अपना नंबर बंद कर लिया। पुलिस का कहना है कि किसी सिरफिरे ने पुलिस को परेशान करने के लिए ऐसा किया है।