संशोधित : मेडिकल कॉलेज रोहतक हटाकर करनाल किया गया।
मेडिकल कॉलेज में दाखिला दिलाने के नाम पर 50 लाख ठगे
नीट में कम प्रतिशत की वजह से नहीं मिल रहा था सरकारी कॉलेज में एडमिशन
दंपती ने कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में दाखिला कराने का दिया था भरोसा
शिकायत करने के 10 माह बाद विजय विहार थाने मेेें दर्ज किया गया मामला
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। विजय विहार इलाके में दंपती ने मेडिकल कॉलेज में दाखिला दिलाने के नाम पर पचास लाख रुपये की ठगी की। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने दस महीने बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
जानकारी के मुताबिक, कल्पना शर्मा पति आनंद शर्मा व बेटी खुशी के साथ पहाड़गंज इलाके में रहती हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि वर्ष 2018 में उनकी बेटी खुशी नीट परीक्षा में उत्तीर्ण हुई थी। अंक प्रतिशत कम होने की वजह से सरकारी कॉलेज में उसे दाखिला नहीं मिल रहा था। जून 2018 को सेक्टर-4 रोहिणी स्थित आस्था कॉलेज का संचालन करने वाले प्रदीप और उसकी पत्नी मधु ने उनसे संपर्क किया। उन्होंने करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में बेटी का दाखिला दिलाने का भरोसा दिया। इसके एवज में 50 लाख रुपये की मांग की। पीड़ित परिवार ने जयपुर स्थित फ्लैट को बेचकर आधी रकम दे दी। 25 जुलाई 2018 को खुशी को कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में दाखिला होने का मेल आया। आरोपी प्रदीप ने फोन कर छात्रा को बधाई दी और परिजनों से बाकी रकम देने की मांग की। पीड़ित परिवार ने बाकी के रुपये भी दे दिए। उन्हें कॉलेज में दस्तावेज जमा कराने का मेल मिला। जब पीड़ित परिवार कॉलेज पहुंचा तो उन्हें ठगी का पता चला। 30 जुलाई 2018 में उन्होंने विजय विहार थाने मेें शिकायत दी, लेकिन मामला दर्ज नहीं किया गया। पुलिस आयुक्त से शिकायत करने के बाद 2 मई 2019 को पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।