घर से गायब तीन साल की
बच्ची कुछ घंटों में बरामद
- परिजनों ने की पुलिस की तत्परता की तारीफ
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। भलस्वा डेयरी पुलिस ने घर से गायब तीन साल की बच्ची को कुछ ही घंटों में सकुशल बरामद कर लिया। परिजनों ने तत्परता के लिए पुलिस की जमकर तारीफ की।
जिला पुलिस उपायुक्त गौरव शर्मा ने बताया कि भलस्वा डेयरी इलाके में रहने वाली बच्ची के पिता विनोद शर्मा निजी कंपनी में काम करते हैं। शुक्रवार दोपहर पुलिस को शिकायत मिली कि बच्ची घर के बाहर खेलते हुए गायब हो गई है। पुलिस ने एक टीम बनाकर बच्ची की तलाश शुरू की। एएसआई रामकिशन और सिपाही अरुण ने बच्ची के घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच शुरू की। इलाके में स्थित मस्जिद से बच्ची के गुम होने की सूचना प्रसारित कर पुलिस को सूचना देने की अपील की। करीब एक घंटे के बाद पुलिस को सूचना मिली कि श्रद्धानंद कॉलोनी इलाके में एक बच्ची अकेली घूम रही है। पुलिस परिजनों के साथ तुरंत वहां पहुंची और बच्ची की पहचान कर उसे सकुशल बरामद कर लिया। जांच में बच्ची ने बताया हुआ कि वह घर के बाहर खेलते हुए वहां तक पहुंच गई थी।