नई दिल्ली। चितरंजन पार्क थाना पुलिस ने बुजुर्ग महिला की ज्वेलरी चुराने वाले नौकर दपंती व ज्वेलर को गिरफ्तार किया है। दंपती इंडो-बांग्ला बॉर्डर से पकड़ा गया। उन्होंने अपना कर्ज उतारने और पश्चिम बंगाल स्थित घर पर पलस्तर कराने के लिए चोरी की थी। इसे पश्चिम बंगाल में ही एक ज्वेलर को बेचा था।
दक्षिण जिला डीसीपी अतुल कुमार ठाकुर के अनुसार, इंडियन ऑयल से सीनियर पद से रिटायर बुजुर्ग महिला (62) सीआर पार्क में रहती हैं। उन्होंने 10 जनवरी को दी शिकायत में कहा था कि उनका नौकर दंपती गौर अधिकारी (32) व मधुमिता (28) 7-8 लाख रुपये की ज्वेलरी चुराकर फरार हैं। सीआर पार्क थानाध्यक्ष वेदप्रकाश की देखरेख में महिला पीएसआई आशू रानी, एएसआई अशोक कुमार व हवलदार अनिल कुमार की टीम को पता लगा कि नौकर दंपती अपने गांव 24 परगना, पश्चिम बंगाल जा चुका है। पुलिस ने पश्चिम बंगाल जाकर 24 परगना में बांग्लादेश बॉर्डर से दोनों को गिरफ्तार कर लिया। वे बांग्लादेश जाने की फिराक में थे। इन्होंने बताया कि ज्वेलरी नूतन बाजार भालूका, पश्चिम बंगाल में ज्वेलर लालू दता (45) को बेची है। पुलिस ने लालू को गिरफ्तार कर ज्वेलरी बरामद कर ली।