दिल्ली चिड़ियाघर में शनिवार से पर्यटकों को स्लॉट के निर्धारित समय से आधा घंटा पहले प्रवेश मिल सकेगा। यह नियम दोपहर से पहले और दोपहर के बाद वाले दोनों स्लॉटों में लागू होगा। साथ ही भविष्य में पर्यटकों की संख्या तीन हजार से बढ़ाकर पांच हजार करने पर भी विचार किया जा रहा है।
दरअसल, पर्यटकों की भीड़ को सीमित करने के लिए दिल्ली चिड़ियाघर में प्रवेश के लिए दो स्लॉट निर्धारित किए गए हैं।इसके तहत पहला स्लॉट सुबह आठ बजे से लेकर 12 बजे तक और दूसरा स्लॉट दोपहर एक बजे से लेकर शाम पांच बजे तक रखा गया है। प्रत्येक स्लॉट में केवल 1500 पर्यटकों को ही प्रवेश दिया जा रहा है जिससे परिसर के अंदर अधिक भीड़भाड़ न हो और शारीरिक दूरी का पालन हो सके।
इस संबंध में दिल्ली चिड़ियाघर के निदेशक रमेश कुमार पांडे ने बताया कि बुधवार को चिड़ियाघर खुलने के पहले दिन पर्यटकों से दिल्ली चिड़ियाघर को कई सुझाव प्राप्त हुए हैं। इसी को देखते हुए प्रशासन ने पर्यटकों की परेशानी कम करने के लिए उन्हें तय किए गए स्लॉट से आधा घंटा पहले ही प्रवेश देने का निर्णय लिया है। यदि कोई पर्यटक सुबह साढ़े बजे आ जाता है और उसे आठ बजे प्रवेश करना है तब भी उसे सुबह जल्द ही प्रवेश दिया जाएगा।
इसी प्रकार यह नियम दिन में भी लागू होगा इससे एक ही समय पर चिड़ियाघर में प्रवेश करने वाली भीड़ और बाहर निकलने वाली भीड़ से संक्रमण का खतरा भी कम होगा। निदेशक ने उम्मीद जताई है कि सप्ताहंत पर चिड़ियाघर में अधिक पर्यटकों के जुटने की संभावना है।