कोरोना मुक्त हो चुके दिल्ली के जेलों में एक बार फिर तीन कैदी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। इसमें से दो कैदी मंडोली जेल में जबकि एक कैदी तिहाड़ जेल में बंद हैं। तिहाड़ जेल में मिला कोरोना संक्रमित कैदी को हाल ही में पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
जेल में आने से पहले उसकी कोरोना जांच की गयी थी। जांच में संक्रमित पाये जाने पर उसे अन्य कैदियों से अलग कर दिया गया है। इससे पहले लक्षण पाए जाने के बाद जांच करवाने पर मंडोली जेल में दो कैदी संक्रमित पाए गए हैं। तीनों का उपचार चल रहा है।
जेल महानिदेशक संदीप गोयल का कहना है कि नये मामले आने के बाद जेलों में सर्तकता बढ़ा दी गयी है। सभी कैदियों को इससे बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी जा रही है। साथ ही उन्हें कोविड नियमों का पालन करने की हिदायत भी दी गयी है।
संदीप गोयल ने बताया किसी भी कैदी में इस तरह के लक्षण पाए जाने पर उनकी तुरंत जांच की जा रही है। जेल के बैरकों में सेनेटाइज, सभी को मास्क पहने और सामाजिक दूरी का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
तिहाड़ जेल में अभी तक 260 लोग कोरोना के चपेट में आए हैं। जिसमें से दो कैदियों की मौत हो चुकी है। तीन जेल कर्मी भी अभी कोरोना के चपेट में हैं और उनका इलाज चल रहा है। कोरोना संक्रमण से ठीक होने के बाद कई जेल कर्मियों ने अपना प्लाज्मा दान किया था।
जिसमें जेल महानिदेशक संदीप गोयल भी शामिल थे। उनका कहना है कि जेल प्रशासन अब शुरू होने वाले टीकाकरण की तैयारी में लगा है और जिन कर्मियों को पहले टीका लगाया जाएगा, उन्हें सूचित कर दिया गया है।