फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विदेश से आने वालों की वजह से बढ़ रहे कोरोना के मामले : जैन

विज्ञापन
विज्ञापन
नई दिल्ली। स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि विदेश यात्रा से लौटने वालों की वजह से दिल्ली में कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। हवाई अड्डे पर कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद इन्हें घर भेज दिया जाता है लेकिन कुछ दिन बाद उनके परिजन या उक्त व्यक्ति संक्रमित मिलता है। इस वजह से कोविड के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। दिल्ली सरकार कोरोना को लेकर हर स्तर पर तैयार है। हमारे पास पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन, दवाइयां और बिस्तर उपलब्ध हैं। बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार कोरोना की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और आवश्यकता के अनुसार हरसंभव कदम उठाने के लिए तैयार हैं। विदेश से आ रहे यात्रियों में सबसे ज्यादा ओमिक्रॉन के मामले पाए जा रहे हैं। दिल्ली में अब तक ओमिक्रॉन के 238 मामले आए हैं, इसमें से 57 को छुट्टी मिल गई है।
विज्ञापन

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि दिल्ली सरकार ने टीकाकरण की क्षमता बढ़ा दी है। रोजाना तीन लाख तक टीकाकरण की क्षमता विकसित हुई है। जनवरी के पहले हफ्ते से बच्चों को वैक्सीन और बुजुर्गों को बूस्टर खुराक लगाने के लिए तैयारी पूरी कर ली है। पहले से मौजूद टीकाकरण केंद्रों में ही वैक्सीन लगाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि ओमिक्रॉन से घबराने की नहीं, बल्कि सावधानी बरतने की जरूरत है। सभी लोग मास्क लगाएं और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें।
उन्होंने बताया कि राजधानी की अभी चार लैब में जीनोम सीक्वेंसिंग चल रही है। डेल्टा के मुकाबले ओमिक्रॉन वैरिएंट ज्यादा हल्का और कम घातक है। विदेश से दिल्ली आने वाले लोग इस वैरिएंट से सबसे अधिक संक्रमित पाए जा रहे हैं। फिलहाल किसी भी मरीज को ऑक्सीजन लगाने की जरूरत नहीं पड़ी है और ज्यादातर मरीजों में मामूली लक्षण ही मिले हैं।
विज्ञापन

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यदि लगातार दो दिन तक संक्रमण दर एक फीसदी से ज्यादा रहती है तो दिल्ली में लेवल-दो का अंबर अलर्ट जारी किया जाएगा। इसके तहत स्कूल-कॉलेज, पार्क, रेस्तरां (होम डिलीवरी छोड़कर) इत्यादि सब बंद रहेंगे, केवल आवश्यक सेवाओं को छूट रहेगी। रात्रि कर्फ्यू को और सख्त कर दिया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें