अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली के प्रमुख प्रदूषण हॉटस्पॉट क्षेत्रों में शामिल आनंद विहार में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) लगातार 400 से ऊपर दर्ज होने के बाद बुधवार को विभिन्न विभागों की एक समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता शाहदरा दक्षिणी क्षेत्र के उपायुक्त एवं आनंद विहार हॉटस्पॉट के नोडल अधिकारी श्री बादल कुमार ने की। बैठक में डीएसआईआईडीसी, डीटीआईडीसी, रेलवे, आरआरटीएस, डीएमआरसी, परिवहन विभाग और दिल्ली पुलिस सहित कई एजेंसियों ने प्रदूषण नियंत्रण उपायों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
बताया गया कि आनंद विहार बस टर्मिनल के पास सड़क पुनर्निर्माण कार्य अंतिम चरण में है, जबकि रेलवे विभाग का अपने एसटीपी परिसर के पास खाली भूमि पर चंपा पौधे और घास लगाने का कार्य जारी है। डीएसआईआईडीसी ने बताया कि पटपड़गंज औद्योगिक क्षेत्र में सड़क पुनर्निर्माण तेजी से चल रहा है। वहीं नगर निगम और लोक निर्माण विभाग ने सूचित किया कि क्षेत्र में एंटी-स्मॉग गन और स्प्रिंकलर मशीनें नियमित रूप से चल रही हैं। दिल्ली पुलिस और एमसीडी की संयुक्त टीम द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी जारी है।
परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने एक अक्तूबर से 11 नवम्बर के बीच अवैध पार्किंग और प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ कुल 6,330 चालान जारी किए हैं, जिनमें 4,380 परिवहन विभाग और 1,952 यातायात पुलिस ने किए।