फर्जी कॉल, व्हाट्सएप संदेशों के जरिए जल कनेक्शन काटने की धमकी देकर मांगे जा रहे हैं पैसे
नई दिल्ली। दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) ने राजधानी में जल आपूर्ति से जुड़े उपभोक्ताओं को सतर्क रहने की अपील करते हुए महत्वपूर्ण चेतावनी जारी की है। डीजेबी के अनुसार, हाल के दिनों में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिनमें फर्जी कॉल, एसएमएस और व्हाट्सएप संदेशों के जरिए लोगों से ठगी की जा रही है। ठग खुद को जल बोर्ड का कर्मचारी बताकर उपभोक्ताओं को धमका रहे हैं। भुगतान नहीं करने पर कनेक्शन काटने की चेतावनी दी जा रही है।
डीजेबी ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की कॉल या संदेशों का बोर्ड से कोई लेना-देना नहीं है। ये पूरी तरह फर्जी और ठगी के इरादे से की जा रही गतिविधियां हैं। डीजेबी ने कहा, किसी भी उपभोक्ता से फोन या मैसेज के जरिए भुगतान मांगना उसकी अधिकृत प्रक्रिया का हिस्सा नहीं है। सभी आधिकारिक सूचनाएं केवल लिखित नोटिस या डीजेबी के डिजिटल माध्यमों से ही दी जाती हैं।
बोर्ड ने नागरिकों को सलाह दी है कि ऐसे किसी भी कॉल या संदेश पर विश्वास न करें और कोई भी व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी साझा न करें। यदि किसी को ऐसा कॉल या संदेश प्राप्त होता है, तो उसकी तुरंत शिकायत साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 या वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर दर्ज कराएं। इसके अतिरिक्त उपभोक्ता किसी भी संदेहास्पद सूचना की पुष्टि के लिए संबंधित जोनल राजस्व कार्यालय या डीजेबी के हेल्पलाइन नंबर 1916 पर संपर्क कर सकते हैं।
राजस्व निदेशक की ओर से जारी चेतावनी में कहा गया है कि यह एक सुनियोजित षड्यंत्र है, जिसमें दिल्ली जल बोर्ड का हवाला देकर भोले-भाले नागरिकों को आर्थिक नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। सभी उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे जागरूक रहें और इस तरह की धोखाधड़ी को रोकने में प्रशासन का सहयोग करें।