आजादपुर सब्जी मंडी के सामने क्लस्टर बस धू-धू कर जली
- फोटो : अमर उजाला
शुक्रवार दोपहर 2 बजकर10 मिनट पर आजादपुर सब्जी मंडी के सामने क्लस्टर बस धू-धू कर जली। इसे देख सैकड़ों वाहनों के पहिये थम गए। इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। गनीमत रही कि कोई यात्री आग की चपेट में नहीं आया। बाद में पहुंचे अगिनशमन दस्ते ने आग पर काबू पाया। इसका कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, नरेला से मोरी गेट जा रही रूट संख्या-120 की क्लस्टर बस जैसे ही आजादपुर सब्जी मंडी के सामने पहुंची, यात्रियों ने धुएं की शिकायत की। ड्राइवर ने बस रोक दी और यात्रियों को उतारना शुरू कर दिया। यात्रियों को जल्दबाजी में उतरते देख सड़क पर वाहनों का आवागमन कुुछ देर के लिए रुक गया।
आग बुझाने के लिए दमकल की दो गाड़ियां पहुंची। एक प्रत्यक्षदर्शी राकेश के मुताबिक, चंद मिनट में ही बस पूरी तरह जल गई। यात्रियों और चालक दल को बचा लिया गया। डीआईएमटीएस के मुताबिक, घटना के कारणों की जांच की जा रही है।