-तीन अन्य चीनी नागरिक हिरासत में, पुलिस इनकी संलिप्तता की कर रही है जांच, चारों के अंतरराष्ट्रीय गिरोह के होने का शक
-हांगकांग से नई दिल्ली आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट में की वारदात, उड़ान के दौरान सो रहे यात्रियों का चुराते थे सामान
-यात्रियों और विमान कर्मियों की शिकायत पर आईजीआई एयरपोर्ट पुलिस ने की कार्रवाई, यात्री ने पुलिस को आरोपी का चोरी करते हुए वीडियो दिया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आईजीआई एयरपोर्ट पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में यात्रियों के सामान चुराने वाले एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने सामान चुराने वाले चीनी नागरिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से डेबिट कार्ड बरामद किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि एक यात्री ने चोरी करते हुए आरोपी का वीडियो बना लिया था। उसके आधार पर आरोपी को पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी के साथ यात्रा कर रहे तीन अन्य चीनी नागरिकों को हिरासत में लेकर उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।
गिरफ्तार चीनी नागरिक की पहचान हांगकांग चीन निवासी बेनलाई पैन (30) के रूप में हुई है। आईजीआई एयरपोर्ट की अतिरिक्त पुलिस आयुक्त उषा रंगनानी ने बताया, 14 मई को दिल्ली की आईजीआई एयरपोर्ट की सुरक्षा और सतर्कता टीम ने हांगकांग से नई दिल्ली आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट में संदिग्ध गतिविधि होने के बारे में दिल्ली पुलिस को अवगत कराया। विमान में यात्रियों के सामान की चोरी होने और चोरी करने वाले चीनी नागरिकों को हिरासत में लेने का अलर्ट जारी किया।
सूचना पर पुलिस तुरंत टर्मिनल-3 के आगमन हॉल में पहुंची। जहां पुलिस ने उस विमान से आए एयर इंडिया कर्मचारियों और कई यात्रियों से मुलाकात की। एक यात्री प्रभात वर्मा ने बताया, वह सीट नंबर 12सी पर बैठे थे। केबिन क्रू ने उन्हें उनके बैग के आस पास संदिग्ध गतिविधि की चेतावनी दी थी। जांच करने पर पाया कि उनका बैंक ऑफ अमेरिका क्रेडिट कार्ड गायब है। उन्होंने सीट नंबर 14सी पर चीनी नागरिक बेनलाई पैन को बैठा हुआ देखा, जिसकी सीट 23सी थी। गायब हुआ कार्ड सीट नंबर 14सी के नीचे पड़ा मिला। सीट नंबर 14ए पर यात्रा करने वाली प्राशी ने पुलिस को बताया कि उसकी मां का एचडीएफसी डेबिट कार्ड उनके बैग से गायब था। वहीं एक महिला यात्री नफीस फातिमा ने पुलिस को वीडियो दिया। जिसमें बैग से सामान चुराते हुए बेनलाई पैन कैद हो गया था। पुलिस ने यात्रियों के बयान और साक्ष्य के आधार पर चोरी का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने चीनी नागरिक बेनलाई पैन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके तीन साथियों को हिरासत में लेकर उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।
लंबी दूरी के उड़ान में करवाते थे टिकट बुक
बेनलाई पैन ने पूछताछ में अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह अपने गैंग के सदस्यों के साथ विमान में यात्रियों का सामान चोरी करते थे। इसके लिए वह लंबी दूरी के उड़ान में टिकट बुक करवाते थे। साथ ही सभी अलग अलग सीटों पर बैठते थे, ताकि लोगों की पहचान से बचें। इस दौरान बिना निगरानी वाली जगह पर रखे सामान तक उनकी पहुंच आसान हो जाती थी। वह ऐसे यात्रियों को निशाना बनाते थे जो यात्रा के दौरान सो रहे होते थे। वह उनके आस पास वाली सीट पर बैठकर बैग से कीमती सामान और डेबिट और क्रेडिट कार्ड को निकाल लेते थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के पिछले 12 महीनों के यात्राओं की डेटा जांच की जा रही है। ताकि अन्य एयरलाइनों और मार्गों पर की गई चोरी की शिकायतों को सुलझाया जा सके।