नई दिल्ली। दिल्ली हाईकोर्ट ने नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएआई) के तीन कोच और समन्वयकों की नियुक्तियों को चुनौती देने वाली एक याचिका पर केंद्र सरकार और एनआरएआई से जवाब मांगा है। डॉ. दीपक सिंह बनाम भारत संघ मामले में दायर याचिका में याचिकाकर्ता ने राष्ट्रीय शूटिंग स्क्वाड में कोचिंग और समन्वय पदों पर की गई तीन नियुक्तियों को अवैध, मनमाना और शून्य घोषित करने के लिए क्यू वारंटो रिट जारी करने की मांग की है। याचिकाकर्ता का प्रतिनिधित्व अधिवक्ता डॉ. अमित जॉर्ज कर रहे हैं। याचिका में आरोप लगाया गया है कि ये नियुक्तियां एनआरएआई द्वारा जारी एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट में निर्धारित पात्रता मानदंडों को पूरा नहीं करतीं। अदालत ने याचिका पर केंद्र सरकार, एनआरएआई और तीनों नियुक्त व्यक्तियों को नोटिस जारी किया है। प्रतिवादियों को चार सप्ताह में जवाबी हलफनामा दाखिल करने तथा याचिकाकर्ता को तीन सप्ताह में प्रत्युत्तर देने का समय दिया गया है। मामले की अगली सुनवाई 20 जनवरी 2027 को निर्धारित की गई है। ब्यूरो