नई दिल्ली। नववर्ष के पहले दिन रणहौला इलाके में बेकरी शॉप में बचे एकमात्र केक को मालिक अपने घर ले जाना चाहता था। दुकान में आए चार युवक उसे खरीदने पर अड़ गए। मालिक ने मना किया तो उन्होंने उसकी जमकर पिटाई कर दी और कई गोलियां चलाईं। वह बाल-बाल बचा। अपराध शाखा ने इस मामले में दो नाबालिगों समेत तीन लोगों को पकड़ा है, जबकि चौथा आरोपी फरार है।
अपराध शाखा के अधिकारियों के अनुसार, विकास नगर निवासी राजेश यादव रणहौला में बेकरी शॉप चलाते हैं। एक जनवरी की शाम उनकी दुकान में एक ही केक बचा था। राजेश उसे घर ले जाकर नए वर्ष का जश्न मनाना चाहते थे। तभी चार युवक दुकान में आए। युवकों ने बचा हुआ केक मांगा तो राजेश ने मना कर दिया। युवक केक ले जाने पर अड़ गए। राजेश के नहीं मानने पर उन्होंने उनकी जमकर पिटाई की। इससे हंगामा हो गया। आरोपियों में से एक ने दुकान में गोलियां चलाईं। इससे दुकान में भगदड़ मच गई। राजेश ने रणहौला थाने में दो जनवरी को मामला दर्ज कराया। हुआ। अपराध शाखा की एसआईयू-1 के इंस्पेक्टर लोकेंद्र चौहान, एसआई ओमवीर डबास व एसआई विनय डबास की टीम ने मूल रूप से हरियाणा में मेहम और फिलहाल अशोक नगर निवासी राहुल अहलावत (22). उसके 17 वर्षीय दो नाबालिग साथियों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने गुनाह कबूल कर लिया। फायरिंग नाबालिग ने की थी। तीनों को रणहौला थाना पुलिस को सौंपा गया है।