हेलमेट पहने तीन हमलावरों ने वारदात को दिया अंजाम
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आजादपुर मंडी में सोमवार देर रात धनिया कारोबारी 28 साल के मोहम्मद आलम की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हेलमेट पहने तीन हमलावरों ने कई गोलियां चलाईं। शुरुआती जांच में परिवार वालों का आरोप है कि कारोबारी रंजिश की वजह से हत्या को अंजाम दिया गया है। आदर्श नगर थाना पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है। जांच करने पर पता चला कि पीड़ित के शरीर पर गोलियों के सात घाव थे।
जानकारी के मुताबिक, मोहम्मद आलम परिवार और भाई अब्दुल सत्तार के साथ जहांगीरपुरी के एच 4 ब्लॉक में रहते थे। मूलत: बिहार के सहरसा निवासी आलम आजादपुर मंडी में धनिये का कारोबार करते थे। उनके भाई अब्दुल सत्तार ने बताया कि चार माह गांव में रहने के बाद वह हाल ही में दिल्ली आए थे। उन्होंने बताया कि रात डेढ़ बजे वह दुकान पर थे, तभी तीन हमलावर हेलमेट पहनकर आए और ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। उनका आरोप है कि हमला करने वालों में एक महिला भी शामिल थी। गोलीबारी करने के बाद तीनों हमलावर पैदल ही भाग गए।
उत्तर पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि परिवार वालों से पूछताछ में पता चला है कि मोहम्मद आलम का कारोबार को लेकर कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। इस बात की जानकारी आलम ने अपने भाई को दी थी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि विवाद के साथ-साथ अन्य पहलुओं से भी मामले की जांच की जा रही है। साथ ही पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।