नई दिल्ली। दिल्ली के एक कबाड़ व्यवसायी का अपहरण व फिरौती मांगने के मामले में फरार आरोपी को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी नोमान अपनी पहचान छिपाकर सैलून में काम कर रहा था। पुलिस ने उस पर 20,000 रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। आरोपी बार-बार अपने ठिकाने बदलकर तथा पहचान छिपाकर गिरफ्तारी से बच रहा था। उसे भगोड़ा घोषित किया गया था।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, नोमान ने अपने सहयोगियों भूरा और वामिक के साथ मिलकर एक कबाड़ व्यवसायी का उस समय अपहरण कर लिया था जब वह अपनी फैक्टरी जा रहा था। उसे छोड़ने के लिए दो करोड़ रुपये की कथित रूप से मांग की थी। तीन जनवरी को इस संबंध में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने बताया कि भूरा और वामिक को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि नोमान फरार था। ब्यूरो