रविवार को वह घर में अकेला था। इस बीच उसने अपने कमरे में खुद को गोली मार ली। परिजन घर पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। फौरन उसे जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस को घटना स्थल से कारोबारी की लाइसेंसी पिस्टल, एक खोखा बरामद हुआ है। पुलिस ने कारोबारी का मोबाइल कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
जतिन परिवार के साथ किराए के मकान में अर्जुन गली, विश्वास नगर स्थित तीसरी मंजिल पर रहता था। इसके परिवार में पत्नी के अलावा 16 साल की बेटी और आठ साल का बेटा है। पूर्वी दिल्ली में जतिन और इसके भाई का मोबाइल का बड़ा कारोबार था, लेकिन किसी वजह से जतिन को करोड़ों का नुकसान हो गया। इसकी वजह से वह काफी परेशान रहता था। पारिवारिक सूत्रों का कहना है कि जतिन ने अवसाद की दवाइयां भी लेनी शुरू कर दी थी। रविवार दोपहर के समय जतिन की पत्नी किसी काम से बाहर निकली। बच्चे भी ट्यूशन चले गए। इस बीच 2.30 बजे से 4.30 के बीच जतिन ने खुद की कनपटी पर गोली मार दी।
बच्चे ट्यूशन पढ़कर घर लौटे तो उन्होंने पिता को बिस्तर पर खून से लथपथ पाया। फौरन बच्चों ने मां और बाकी परिजनों को खबर दी। बाद में जतिन को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। जतिन के आत्महत्या पर परिवार के किसी भी सदस्य ने कोई संदेह नहीं जताया है। बावजूद इसके पुलिस तमाम दृष्टिकोण से मामले की जांच कर रही है। पुलिस उसके मोबाइल को खंगालकर पता लगाने का प्रयास कर रही है कि जतिन ने ऐसा कदम क्यों उठाया। कहीं कर्जा देने वाले उसे परेशान तो नहीं कर रहे थे। सोमवार को उसका शव पोस्टमार्टम के बाद परिवार के हवाले कर दिया है।