पांडव नगर स्थित शशि गार्डन की झुग्गी-बस्ती में रविवार रात एक युवक ने नशे की हालत में जमकर हंगामा किया। कुछ देर बाद वहां पहुंचे आरोपी के पिता और भाई भी उसका साथ देने लगे। एक गर्भवती महिला को बुरी तरह पीटा और तीन राउंड गोलियां भी चलाईं। शिकायत पर पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी पिता-पुत्रों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक शाकिर नाम का आरोपी रविवार रात करीब 10 बजे शशि गार्डन की झुग्गी-बस्ती में पहुंचा। आरोपी वहां रहने वाले लोगों से शराब की मांग कर रहा था। लोगों के इनकार करने पर गाली-गलौज करने लगा। इस बीच उसने एक घर में घुसकर संतोष नाम की गर्भवती महिला की बुरी तरह पिटाई कर दी।
इस दौरान आरोपी का पिता रमजानी व भाई भी वहां आ गए। तीनों ने खूब हंगामा किया। शाकिर ने तीन राउंड गोलियां भी चलाईं। पड़ोस के एक दुकानदार ने अपनी दुकान का गल्ला व कुछ सामान लूटे जाने की बात भी कही है। जिला पुलिस उपायुक्त जसमीत सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।