बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसएफ) की 36 महिला बाइक राइडर्स दिल्ली से कन्याकुमारी तक यानी 5,280 किलोमीटर तक की दूरी तय करने के लिए आज सुबह रवाना हो गईं। 36 सदस्यों की ऑल-वुमन डेयरडेविल बाइक राइडर्स टीम का नेतृत्व हिमांशु सिरोही कर रही हैं।
महिला सशक्तिकरण का दिया जाएगा संदेश
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आज 8 मार्च 2022 को शौर्य अभियान 'सशक्तिकरण सवारी-2022' को इंडिया गेट नई दिल्ली से हरी झंडी दिखाई गई। इंस्पेक्टर हिमांशु सिरोही ने बताया कि ये यात्रा लगभग 5,280 किलोमीटर की है। इस यात्रा का उद्देश्य लोगों तक महिला सशक्तिकरण का संदेश फैलाना है।
2016 में हुई टीम की स्थापना
इस टीम की स्थापना 2016 में हुई थी। बीएसएफ सीमा भवानी ऑल-वुमन डेयरडेविल मोटरसाइकिल टीम ने 2018 और 2022 में राजपथ नई दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड के अवसर पर दो बार अपने कौशल का प्रदर्शन किया है।
हाल में ही हुआ प्रमोशन
हाल में ही प्रमोशन होकर हिमांशु सिरोही इंस्पेक्टर बनी हैं। वो जांबाज महिलाओं का ग्रुप सीमा भवानी टीम की कैप्टन भी हैं। इनफील्ड मोटसाइकिल पर हैरतअंगेज करतब दिखाते हुए टीम को लीड करती हैं। हाल ही में बीएसएफ के स्थापना दिवस पर उन्होंने गृहमंत्री अमित शाह को सलामी दी थी, जबकि 26 जनवरी को राजपथ पर हिमांशु को राष्ट्रपति को सलामी देने का गौरव प्राप्त हुआ।