नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के मौरिस नगर इलाके में एक वैज्ञानिक साइबर ठगी का शिकार हो गए। बदमाशों ने पीड़ित को मोबाइल सिमकार्ड अपडेट करवाने का झांसा देकर उनका मोबाइल हैक कर लिया। इसके बाद उनके खाते से कई बार में करीब नौ लाख रुपये उड़ा लिये। पुलिस पीड़ित का मामला दर्ज कर मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
पुलिस के मुताबिक पीड़ित राकेश कुमार सिंह यूनिवर्सिटी रोड स्थित इंस्टीट्यूट फॉर इंडस्ट्रियल रिसर्च में वरिष्ठ वैज्ञानिक हैं। राकेश का सैलरी अकाउंट कैंपस एरिया के एक निजी बैंक में है। 30 मई की दोपहर को वह अपने संस्थान में थे। इस बीच दोपहर को उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉलर ने खुद को मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनी का प्रतिनिधि बताया।
आरोपी ने राकेश से कहा कि उनके फोन में 3जी सिम चल रहा है। उसे 4जी में अपडेट कराना जरूरी है। इसके लिए उन्हें कहीं जाने की जरूरत नहीं। कुछ निर्देशों का पालन कर सिम अपडेट हो जाएगा। पीड़ित से पांच अंकों के एक नंबर पर एसएमएस करने के लिए कहा गया। राकेश ने ऐसा ही किया। इसके बाद उनके पास दो एसएमएस आए। इन एसएमएस में कुछ और नंबर पर एसएमएस करने के लिए कहा गया।
ऐसा करते ही राकेश का सिम बंद हो गया। सिम दोबारा चालू नहीं हुआ। राकेश जब मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनी के दफ्तर पहुंचे तो दोबारा उनका सिम चालू हुआ। इस बीच उन्हें बैंक से पता चला कि जितने समय उनका सिम बंद रहा उस दौरान उनके खाते में सेंध लगाकर नौ लाख रुपये उड़ा लिये गए।