-बटाला में ग्रेनेड हमले का है आरोपी, दिल्ली में अवैध हथियार के मामले में की गई कार्रवाई
-मध्य प्रदेश के इंदौर से 22 जुलाई को आतंकी आकाशदीप उर्फ बाज को किया गया था गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बब्बर खालसा इंटरनेशन (बीकेआई) के कथित आतंकी को पंजाब के गुरदासपुर से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान पंजाब के अमृतसर स्थित चननके गांव निवासी करणबीर उर्फ करण के रूप में हुई है। आरोप है कि इस साल सात अप्रैल को बटाला के किला लाल सिंह पुलिस स्टेशन पर हुए ग्रेनेड हमले में करणबीर शामिल था।
स्पेशल सेल की टीम ने दिल्ली में अवैध हथियारों की तस्करी के मामले में करणबीर की गिरफ्तारी की है। इससे पूर्व 22 जुलाई को स्पेशल सेल ने इसी तरह के मामले में मध्य प्रदेश के इंदौर से बीकेआई के कथित आतंकी आकाशदीप उर्फ बाज को गिरफ्तार किया था। उस पर भी ग्रेनेड हमले में शामिल होने का आरोप है। ग्रेनेड हमले की जांच अब एनआईए कर रही है।
स्पेशल सेल के पुलिस उपायुक्त अमित कौशिक ने बताया कि आकाशदीप से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर करणबीर की गिरफ्तारी हुई। पूछताछ में करणबीर ने बताया, वह 12वीं कक्षा पास है। वह बीकेआई से काफी प्रभावित था। इसी दौरान वह विदेश में रहने वाले पंजाब के एक व्यक्ति के संपर्क में आया। वह बीकेआई हैंडलर से जुड़ गया। सोशल मीडिया एप के जरिए वह लगातार उसके संपर्क में था।
एप के जरिए हुई बातचीत के आधार पर उसे भारत में देश विरोधी गतिविधियों के लिए निर्देश मिलते थे। वर्ष 2024 में करणबीर ने पश्चिम एशियाई देश का दौरा किया। अप्रैल में हुई ग्रेनेड हमले के लिए उसे अपने हैंडलर से मोटी रकम मिली थी। अपने आका के कहने पर उसने हमले में शामिल दो कथित आतंकियों के रहने का इंतजाम अपने घर में किया था।
पुलिस ग्रेनेड हमले के मामले में करणबीर के भाई गुरसेवक को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। बटाला स्थित किला लाल सिंह पुलिस स्टेशन पर ग्रेनेड से हमले की जिम्मेदारी बीकेआई से जुडे हैप्पी पासिया, मन्नू अगवान और गोपी नवांशहरिया ने ली थी। साथ ही दिल्ली पर हमले की धमकी दी गई थी।