नई दिल्ली। पटियाला हाउस कोर्ट ने 2023 में हुए हत्या के प्रयास के मामले में आरोपी रवि को दोषी करार दिया है। कोर्ट ने कहा कि अभियोजन पक्ष ने सबूतों और गवाहों के जरिए यह साबित कर दिया कि रवि ने शिकायतकर्ता डॉ. पदम सिंह पर जानलेवा हमला किया था। यह मामला दिल्ली के आरके पुरम थाना क्षेत्र से जुड़ा है, जहां रवि ने डॉ. सिंह पर कुल्हाड़ी से सिर पर हमला किया था। घटना तब हुई जब डॉ. सिंह, रवि द्वारा किए गए निर्माण कार्य की जानकारी लेने उसके पास गए थे। इसी दौरान विवाद बढ़ा और रवि ने उन पर हमला कर दिया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अंजू बजाज चांदना ने अपने आदेश में कहा कि रवि द्वारा सिर जैसे संवेदनशील अंग पर खतरनाक हथियार से हमला किया गया, जिससे यह साफ है कि उसका इरादा गंभीर चोट पहुंचाने का था, जो जानलेवा हो सकती थी। कोर्ट ने यह भी बताया कि घटनास्थल से खून से सनी कुल्हाड़ी की बरामदगी ने अभियोजन के पक्ष को और मजबूत किया। हालांकि, डॉ. सिंह की चोट को मेडिकल रिपोर्ट में साधारण बताया गया है, लेकिन हमला जिस तरह से और जिस हथियार से किया गया, वह इसे हत्या की कोशिश की श्रेणी में लाता है। अब अदालत इस मामले में रवि को कितनी सजा देगी, इसका फैसला 29 अक्टूबर को सुनाएगी। ब्यूरो