शाहदरा जिले के आनंद विहार इलाके में सड़क पार कर रहे कुत्ते को बचाने के चक्कर में सवारी ऑटो पलट गया। हादसे में चालक ऑटो के नीचे दबकर बुरी तरह जख्मी हो गया। राहगीरों ने पुलिस को खबर दी। बाद में एंबुलेंस की मदद से चालक को नजदीकी हेड गेवार अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
मृतक की शिनाख्त मुन्ना (60) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसका ऑटो कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से हादसे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, मुन्ना अपने परिवार के साथ सिकंदरपुर, गाजियाबाद में रहते थे। मुन्ना दिल्ली के एरिया में ऑटो चलाते थे। उनके पास दिल्ली नंबर का ऑटो था। शुक्रवार रात को वह आनंद विहार इलाके के सविता विहार से गुजर रहे थे। इस बीच डीटीसी बस स्टैंड के सामने से गुजरते हुए अचानक एक आवारा कुत्ता मुन्ना के ऑटो के सामने आ गया। कुत्ते को बचाने के चक्कर में अचानक ऑटो का संतुलन बिगड़ा और वह पलट गया। हादसे में मुन्ना का सिर ऑटो के अगले हिस्से में दब गया।
प्रत्यक्षदर्शी सुधीर कुमार ने मौके से ही पुलिस को खबर दी। इसके बाद मुन्ना को अस्पताल ले जाया गया। सुधीर ने बताया कि अचानक डिवाइडर से कुत्ता कूदकर उनके ऑटो के सामने आ गया। मुन्ना के ऑटो एक ओर मोड़ने से उसका संतुलन बिगड़ गया। पुलिस सुधीर का बयान लेकर मामले की छानबीन कर रही है।