आप ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं के निजीकरण को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रदेश संयोजक और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि अरविंद केजरीवाल सरकार ने शुरू किए 11 बड़े सरकारी अस्पतालों को भाजपा सरकार निजी कंपनियों को सौंपने की तैयारी कर रही है, जो सीधे तौर पर कॉर्पोरेट लूट है।
सौरभ भारद्वाज ने बताया कि केजरीवाल सरकार ने दिल्लीवासियों को मुफ्त और सुलभ इलाज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इन अस्पतालों का निर्माण शुरू किया था। इन 11 अस्पतालों में 10,073 बेड प्रस्तावित थे, जिनमें 4,314 आईसीयू बेड शामिल हैं। ये सभी अस्पताल जनता के पैसे से बनाए जा रहे थे ताकि आम लोगों को महंगे निजी अस्पतालों पर निर्भर न रहना पड़े। उन्होंने सवाल उठाया कि जब दिल्ली में पहले से ही निजी अस्पतालों की कोई कमी नहीं है, तो फिर जनता के पैसे से बनी हजारों करोड़ रुपये की जमीन और इमारतें कॉर्पोरेट कंपनियों को क्यों सौंपी जा रही है। क्या भाजपा सरकार जानबूझकर सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था को कमजोर कर निजी अस्पतालों को फायदा पहुंचाना चाहती है?